‘रामायण’ फ़िल्म में रावण के महिमामण्डन का सच?
जो लोग तर्क दे रहे हैं कि विश्वस्तर पर दिखाने के लिए ऐसी रचनात्मक छूट लेने में कोई हर्ज नहीं है, तो मैं ऐसे तर्क पर यही कहूँगा कि विश्वस्तर पर प्रदर्शन योग्य बनाने के नाम पर इस तरह की रचनात्मक छूट लेना जनता को मूर्ख बनाने जैसा है। प्रश्न है कि विश्व भर में दिखाने के नाम पर क्या आप अपनी विरासत में घालमेल करेंगे। क्या दुनिया आपके दिखाए हिसाब से ही भारत के बारे में छवि बनाकर नहीं चलने लगेगी?
आख़िरकार सिनेमाहॉल तक जाने की ज़हमत उठाई और ‘रामायण’ देखी। मेरी पहली प्रतिक्रिया यही है कि ईमानदारी और बेईमानी के घालमेल से एक भव्य लेकिन प्राणविहीन फ़िल्म बनाई गई है। कुछ दृश्य, कुछ प्रसङ्ग मुझे शानदार लगे, उनकी प्रशंसा करनी चाहिए, परन्तु कुछ ग़लतियाँ शायद साधारण फ़िल्मकार भी न करे।
फ़िल्म की कहानी के लिए मुख्य स्रोत के रूप में वाल्मीकि रामायण का उल्लेख किया गया है, परन्तु बिना नाम लिए अन्य रामायणों की भी बात कह दी गई है। इसका मतलब मैं इतना ही समझ पा रहा हूँ कि यदि फ़िल्मकार के सामने फँसने वाली कोई बात आए तो अपना दोष अन्य रामायणों के मत्थे मढ़कर वह आराम से बरी हो सकता है। नाम हैं नहीं, तो आप ढूँढ़ते रहिए कि किस रामायण में क्या लिखा है। वैसे, मात्र मनोरञ्जन के लिए फ़िल्म बनानी हो तो कितनी भी रामायणों, रामकथाओं, किंवदन्तियों को आधार बनाया जा सकता है, लेकिन यदि फ़िल्म को आस्था, विश्वास, धर्म से भी जोड़कर जनता के सामने रखना हो तो आधार उन्हीं स्रोतों को बनाना उचित है, जनता जिन्हें मान्यता देती है। इस मामले में वाल्मीकि सर्वमान्य हैं और वे निर्विवाद रूप से मुख्य स्रोत बनते हैं। रामकथा सबसे पहले उन्होंने ही कही है। अन्य सभी रामकथाओं के प्रेरणास्रोत वाल्मीकि ही हैं। वाल्मीकि रामायण के बाद ‘रामचरित मानस’ का स्थान है, भले ही यह कथा बहुत बाद में लिखी गई। मान्यता में दूसरे स्थान पर होते हुए भी जनता की भाषा में होने के नाते वर्तमान में सर्वाधिक लोकप्रिय यही है। इसके बाद तमिल के कम्ब रामायण, मलयालम के अध्यात्म रामायण, मराठी के भावार्थ रामायण, ओड़िया के दाण्डी रामायण का नाम लिया जा सकता है। ये रामायणें जनता की आस्था के साथ चलती हैं। और भी अनेक रामायणें हैं, लेकिन वाल्मीकि रामायण ही सबका मूल है।
नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी की इस रामायण को देखते हुए मेरे भीतर यह एहसास नहीं जगा कि मैं सचमुच रामायण देख रहा हूँ। चूँकि रामकथा मन में बसी है, तो ज़बरदस्ती इसे रामायण महसूस करने की कोशिश कर रहा था। ऐसा लग रहा था कि बस एक फ़िल्म देख रहा हूँ। तुलनात्मक रूप से भव्य-सी फ़िल्म।
हाँ, केवल फ़िल्म मानकर चलें, तो कुछ मामलों में अतिरिक्त तारीफ़ की जा सकती है, परन्तु रामायण के रूप में देखने पर कुछ गिने-चुने दृश्य ही प्रभावित कर पाते हैं। सबसे शानदार दृश्य को बहुत से लोगों ने रेखाङ्कित किया है और वह सचमुच रावण और जटायु के बीच युद्ध वाला दृश्य है। जटायु के रूप में अनुपम खेर की आवाज़ प्रभाव पैदा करती है। जटायु को वीएफ़एक्स और सीजीआई की मदद से जिस बारीक़ी के साथ बनाया गया है, उसकी तारीफ़ निश्चित रूप से की जानी चाहिए। यह पूरा दृश्य ज़बरदस्त है। पूरी फ़िल्म में देवत्व का शिखर रामायण के अनुकूल गरिमा के साथ वास्तव में जटायु को ही मिल पाया है। यहाँ रणवीर कपूर भी जटायु से मिलते हुए हल्का-सा असर पैदा करते हैं, फिर भी रणवीर की मैं उतनी तारीफ़ नहीं कर पाऊँगा, जितनी कि लोग करने में लगे हैं। रणवीर पूरी फ़िल्म में बुरे नहीं लगे हैं, जैसे-तैसे राम का चरित्र निभाते हैं, पर राम होने का एहसास और वह भी हल्का-हल्का, कुछ ही जगहों पर दे पाते हैं। टीवी धारावाहिक वाले राम के रूप में अरुण गोविल के सामने रणवीर कहीं नहीं टिकते। राम की मुख्य विशेषता उनकी सौम्यता थी, पर रणवीर उसका एहसास ज़्यादा नहीं करा पाते। जटायु वाले प्रसङ्ग में ही जटायु के अन्तिम संस्कार के लिए पक्षियों द्वारा छोटी-छोटी लकड़ियाँ इकट्ठा करना भावुक कर देने वाला दृश्य रचने में कामयाब है। यह रामायण के परिवेश को बेहतर ढङ्ग से व्यक्त करता है।
लक्ष्मण ने काम ठीक किया है, पर उनके नटखटेपन में अति जैसी हो गई है और जिस वज़न के साथ उनका किरदार दिखना चाहिए था, उस वज़न के साथ नहीं दिख पाया है। ब्रह्मा और विष्णु के अवतरण में भी भव्यता भरपूर दिखी है। ये दोनों प्रसङ्ग मानवीय मस्तिष्क के हिसाब से ब्रह्माण्डीय परिकल्पना का एहसास कराते हैं।
साईं पल्लवी कहीं-कहीं कुछ फुटकर दृश्यों में प्रभावित करती हैं, अन्यथा बहुत कुछ ऐसा नहीं है कि उनके काम की विशेष तारीफ़ की जाए। पञ्चवटी में स्वर्ण मृग का प्रसङ्ग आता है, तो मानना पड़ेगा कि वहाँ भी समझदारी से काम लिया गया है। सामान्य रूप से लम्बे समय से यह प्रचारित किया जाता रहा है कि सीता ने राम से हिरण को मारकर लाने के लिए कहा था, ताकि उसका मांस खाया जा सके। कई भक्तों के लिए इसका जवाब देना टेढ़ा काम होता था, परन्तु फ़िल्म बनाने वालों ने समझदारी दिखाते हुए सीता के मुँह से स्पष्ट कहलवाया है कि हिरण को वे पालना चाहती हैं। जिन्होंने वाल्मीकि रामायण नहीं पढ़ी, उन्होंने इसे अच्छी रचनात्मक छूट बताया, लेकिन सच यह है कि यहाँ फ़िल्म की टीम ने हूबहू वाल्मीकि रामायण की ही बात रखी है और इसकी प्रशंसा की जानी चाहिए। मैंने पिछले दो-तीन साल में कई बार इस प्रसङ्ग में लिखा और बोला है। कुछ महीने पहले ध्रुव राठी की ग़लतबयानी का जवाब देते हुए भी मैंने वाल्मीकि रामायण से वे दोनों श्लोक निकालकर दिए थे, जिनमें सीताजी स्वर्णमृग को पालने और वनवास ख़त्म होने पर अपने साथ अयोध्या ले जाने की बात करती हैं। इस बहाने आप भी वे श्लोक यहाँ पढ़ सकते हैं और अपना भ्रम दूर कर सकते हैं।
वाल्मीकि रामायण के अरण्यकाण्ड में सर्ग 43, श्लोक 10 को देखेंगे, तो मिलेगा कि सीताजी ने उस अद्भुत मृग को देखा और राम से कहा—
“आर्यपुत्राभिरामोऽसौ मृगो हरति मे मनः।
आनयैनं महाबाहो क्रीडार्थं नो भविष्यति॥”
यह मृग मेरा मन हर रहा है। इसे ले आइए; यह हमारे विनोद के लिए होगा। सीताजी यहाँ मृग को अपने मन-बहलाव के लिए, उसके साथ खेलने के लिए लाने की बात कहती हैं, मारकर खाने के लिए नहीं।
फिर सीताजी कहती हैं—
“समाप्तवनवासानां राज्यस्थानां च नः पुनः।
अन्तःपुरे विभूषार्थो मृग एष भविष्यति॥”
अर्थात् वनवास समाप्त होने पर जब हम पुनः राज्य में लौटेंगे, तब यह मृग अन्तःपुर की शोभा बढ़ाएगा।
तो बात यह कि इस प्रसङ्ग में काल्पनिकता नहीं, सच्चाई है।
सूर्पणखा वाले दृश्य में यह प्रश्न कई लोगों ने उठाया है कि सूर्पणखा को सीताजी से भी अधिक सुन्दर क्यों दिखा दिया गया, जबकि वह कुरूप और भयङ्कर थी। यहाँ मैं फ़िल्म की अधिक निन्दा नहीं करूँगा, क्योंकि ऐसा आरोप लगाने वालों ने वाल्मीकि रामायण को शायद ठीक से नहीं पढ़ा है। सूर्पणखा को और भी सुन्दर दिखाया गया होता तो भी परेशानी नहीं थी, लेकिन फिर भी यहाँ एक बड़ी चूक हुई है। सूर्पणखा जब राम की कुटिया के पास पहुँचती है तो वाल्मीकि उसका वर्णन विकराल, कुरूप और भयङ्कर रूप में ही करते हैं। वह अपने भाई रावण की तरह ही अत्यन्त कामुक प्रवृत्ति की भी थी। वर्णन है कि वह हज़ार साल की बुढ़िया राक्षसी थी। राम को देखकर वह काम-मोहित हो जाती है और लुभाने के लिए रूप बदलकर सामने आती है। राम से वह उनका परिचय पूछती है। राम को सूर्पणखा के सच का एहसास होने लगता है, परन्तु वे पूरे सम्मान के साथ उसे अपना परिचय देते हैं और कहते हैं—“अब मैं तुम्हारा परिचय प्राप्त करना चाहता हूँ। तुम किसकी पुत्री हो? तुम्हारा नाम क्या है? और तुम किसकी पत्नी हो? तुम्हारे अङ्ग इतने मनोहर हैं कि तुम मुझे इच्छानुसार रूप धारण करनेवाली कोई राक्षसी प्रतीत होती हो। यहाँ किसलिए तुम आई हो? यह ठीक-ठीक बताओ”॥१८ १/२॥
सूर्पणखा का अहङ्कारी स्वभाव उसके परिचय में पूरी तरह दिखाई देता है, परन्तु फ़िल्म में यह ग़ायब है। काम बनता न देख सूर्पणखा सीताजी को मारकर खा जाने की बात करती है और तेज़ी से हमला कर देती है। ऐसी स्थिति में भी लक्ष्मण ने सूर्पणखा को जान से मारने के बजाय उसके केवल नाक-कान काटे। फ़िल्म यहाँ ग़लत प्रसङ्ग पैदा करती है। सूर्पणखा को सुन्दर दिखाने में परेशानी नहीं थी, पर पूरी रचनात्मकता के साथ उसकी भयङ्करता और कुरूपता का प्रभाव भी राम की कुटिया के पास आते ही पैदा किया जा सकता था। एक स्त्री की नाक काटने के लिए सीताजी द्वारा लक्ष्मण को डाँटना और राम का खर-दूषण से इसके लिए क्षमा माँगना, ज़बरदस्ती का स्त्रीवादी माहौल बनाने से अधिक और कुछ नहीं है। रामायण आधुनिक स्त्रीवाद चलाने के लिए नहीं लिखी गई थी। उसका स्त्रीवाद आज के स्त्रीवाद से बहुत बड़ा और गहरा है।
कुछ और अभिनय की बात करें तो सूर्पणखा के पति के रूप में विवेक ओबेराय का काम अच्छा है। मन्थरा के रूप में शीबा चड्ढा ने ठीक काम किया है। कैकयी के रूप में लारा दत्ता भी प्रभावित करती हैं। दशरथ के रूप में अरुण गोविल प्रशंसा के पात्र हैं। रावण के रूप में यश उम्मीदों पर खरे उतरे हैं, बल्कि एक तरह से कहें तो महफ़िल वे ही लूटकर ले गए हैं। यहीं पर वह दृश्य याद आ रहा है, जिसमें रावण के दशानन अथवा दशग्रीव अर्थात् दस सिरों वाली बात आती है। रावण के दस सिरों का दृश्य जिस तरह से फ़िल्माया गया है, वह तारीफ़ के क़ाबिल है। यहाँ रावण के चरित्र की प्रतीकात्मकता उभर कर सामने आती है।
जो भी हो, रावण इस पहले भाग में महिमामण्डित होता हुआ दिखाई देता है। अहङ्कार और कामुकता, उसके चरित्र की दो महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ थीं, परन्तु फ़िल्म में अहङ्कार हल्के रूप में सामने आता है, जबकि उसकी कामान्धता कहीं दिखती ही नहीं। उल्टे रावण स्त्री-उद्धारक तक लगने लगता है। एक बार तो ऐसा लगता है कि मजबूरी में रावण से बस ‘लाल सलाम’ और ‘जय भीम’ नहीं बुलवाया गया है, अन्यथा क्रान्तिवीर बना ही दिया गया है। रावण कहता है—“अब कोई भूखा नहीं रहेगा, तुम लोग मेरी तरह खाओगे, तुम लोग मेरी तरह सोओगे। मेरा घर सोने का है, तुम भी सोने के घर में रहोगे।” जहाँ-जहाँ रावण या राक्षसों का अत्याचार और दुष्टता दिखानी चाहिए थी, वहाँ-वहाँ बस दुष्ट कहकर बात आगे बढ़ा दी गई है और दृश्यात्मक रूप देने की ज़रूरत नहीं समझी गई है। ऐसा लग सकता है कि रावण की क्रूरता को स्पष्ट रूप न उभार कर उसके खल चरित्र को कुछ सँवारने की कोशिश की गई है। कुछ लोग इसे वामपन्थी एजेण्डा कह रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह बस वैश्विक पटल पर ले जाने की सनक में नया कुछ करने के चक्कर में हो गया है।
कुबेर और रावण का युद्ध भी ग़लत दिखाया गया है। रावण ने कुबेर से युद्ध करके लङ्का पर आधिपत्य नहीं जमाया था, बल्कि कुबेर ने पिता की सलाह मानकर लङ्का रावण को स्वेच्छा से सौंप दी थी। यह पूरा प्रसङ्ग मैं लेख के उत्तरार्ध में लिखूँगा, ताकि जिनकी इच्छा हो, सच को गहराई से समझ सकें।
फ़िल्म देखते समय मुझे बीच में एक-दो बार झपकी जैसी लगी तो महर्षि अगस्त्य के आश्रम की बात एकदम विश्वासपूर्वक नहीं लिख सकता। जिस दृश्य में अनसूया द्वारा सीता को उपहारस्वरूप वस्त्र भेंट करते हुए दिखाया गया है, यदि उसे महर्षि अगस्त्य के आश्रम के रूप में ही दिखाया गया है, तो यह भी ग़लत दृश्य है, क्योंकि तपस्विनी अनसूया महर्षि अत्रि की पत्नी थीं। महर्षि अत्रि के आश्रम में जाने की घटना महर्षि अगस्त्य के आश्रम में जाने से पहले की है।
भरत-मिलाप का ज़िक्र न हो तो बात अधूरी रहेगी। इस दृश्य पर मेहनत की जानी चाहिए थी, क्योंकि यह वह प्रसङ्ग है जहाँ निःस्वार्थ प्रेम और भ्रातृभाव, त्याग और वैराग्य का सर्वोच्च आदर्श, ग्लानि और आत्म-समर्पण, कर्तव्य और मर्यादा का पालन तथा भावनात्मक पराकाष्ठा और शान्ति जैसी अनेक अद्भुत छवियाँ पैदा की जा सकती थीं। भारतीय संस्कृति की महानता को दुनिया भर में दिखाने का इससे अच्छा प्रसङ्ग और क्या हो सकता था? माता शबरी, निषादराज गुह के प्रसङ्ग सामाजिक समरसता के महान् प्रसङ्ग बन सकते थे, पर फ़िल्म में इनका नामोनिशान नहीं है।
विष्णु के सामने अवतार लेने की परिस्थिति कैसे पैदा हुई, यह प्रसङ्ग भी ठीक से नहीं उभरा। त्राहि-त्राहि की ऐसी स्थिति फ़िल्म में नहीं दिखती कि तीनों लोकों के स्वामी को धरती पर आने की ज़रूरत लगे। सीता की खोज में राम की व्याकुलता और उनके विलाप का कोई प्रभावी दृश्य नहीं है। जहाँ-जहाँ जीवन का मर्म समझाया जा सकता था, वहाँ-वहाँ ऐसा लगता है कि फ़िल्मकार जानबूझकर राम का पलड़ा भारी करने से बचना चाहते थे। हो सकता है कि यह अनजाने में हुआ हो, पर कई बार लगा कि जैसे कुछ ऐसा किया गया है कि राम की मानहानि भी न हो और रावण भी स्थापित हो जाए।
जो लोग तर्क दे रहे हैं कि विश्वस्तर पर दिखाने के लिए ऐसी रचनात्मक छूट लेने में कोई हर्ज नहीं है, तो मैं ऐसे तर्क पर यही कहूँगा कि विश्वस्तर पर प्रदर्शन योग्य बनाने के नाम पर इस तरह की रचनात्मक छूट लेना जनता को मूर्ख बनाने जैसा है। प्रश्न है कि विश्व भर में दिखाने के नाम पर क्या आप अपनी विरासत में घालमेल करेंगे। क्या दुनिया आपके दिखाए हिसाब से ही भारत के बारे में छवि बनाकर नहीं चलने लगेगी?
फ़िल्म की सफलता यह है कि इसे देखते हुए बहुत से लोगों को मज़ा आएगा, परन्तु इसकी विफलता यह है कि श्रद्धा और विश्वास का तत्त्व ग़ायब है, रामत्व का मूल तत्त्व ग़ायब है। वनवास के समय जब राम ऋषि-मुनियों के आग्रह पर तपस्या में विघ्न पहुँचाने वाले और तपस्वियों को मारकर खा जाने वाले राक्षसों का वध करने के लिए लक्ष्मण के साथ धनुष उठाकर दण्डकारण्य वन में जाने को उद्यत होते हैं, तो सीता की राम से कही बातें पढ़िए। समझ में आएगा कि राम के लिए शस्त्र आपद्धर्म था, उनका मूल चरित्र सौम्य और करुणानिधान का है, लेकिन यहाँ परदे पर वे बस एक फ़िल्मी हीरो जैसे हैं। ब्रह्माण्ड के सम्बोधन वाले एक दृश्य में लगता है कि रोण्डा बर्न और जोसेफ़ मर्फ़ी के आधुनिक ‘पॉजिटिव थिङ्किङ्ग’ वाला एहसास दिया जा रहा है।
जहाँ तक सीता के हाथ में तलवार देकर उन्हें बहादुर दिखाने की बात है तो, इसमें परेशानी नहीं है। सीता बहादुर थीं ही, साथ में महान् मनोविज्ञानी भी थीं, लेकिन फ़िल्म में उनकी बहादुरी की कल्पना अच्छे ढङ्ग से नहीं की गई है। पूरी फ़िल्म कहीं ठीक, कहीं बेठीक। यह स्थिति कैसे बनी, पता नहीं। पता चल रहा है कि हमारे पुराने मित्र बोधिसत्त्व जी ने फ़िल्म के लिए रिसर्च का कुछ काम किया है। उनका किया काम वे ही जानते होंगे, पर मैं इतना मानकर चल रहा हूँ कि हो सकता है कि उन्होंने कुछ बेहतर किया हो, जिससे कि फ़िल्म में कुछ चीज़ें अच्छे से उभर सकीं; अन्यथा हो सकता था कि और भी गड़बड़ियाँ होतीं।
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि इस रामायण को देखते हुए राम के भक्तों में भी भक्ति-भाव जागना मुश्किल है। श्रद्धा और विश्वास के तत्त्व भी फ़िल्मकार नहीं उभार पाए हैं। रावण के महिमामण्डन का जो अद्भुत फ़ैशन आजकल चल रहा है, उसी का असर फ़िल्म के इस पहले भाग में दिखाई देता है। दो हज़ार या चार हज़ार करोड़ रुपये की कथित लागत के बाद इसके संवाद तक ठीक से नहीं लिखे जा सके। कुछ स्थलों पर ही संवाद ठीक-ठाक हैं, अन्यथा अधिकतर बेहद साधारण हैं। उर्दू शब्दों के प्रयोग का प्रश्न मैं नहीं उठा रहा हूँ, लेकिन जिसने संवाद लिखा है, उसे यह तक नहीं पता कि ‘बजाय’ शब्द फ़ारसी का क्रियाविशेषण है और इसके पहले ‘की’ नहीं, बल्कि ‘के’ का प्रयोग किया जाना चाहिए। कुछ लोगों की ग़लत आदतों के चलते यह ग़लती हुई है। कुमार विश्वास के अशुद्ध शब्द प्रयोग वाले गाने की बात भी मैं नहीं करूँगा, लेकिन गानों से भी ज़्यादा कमज़ोर सङ्गीत है। पूरी फ़िल्म का पार्श्व सङ्गीत ठीक-ठाक है, पर गानों में यह बेहद साधारण है। इतनी बड़ी फ़िल्म का डङ्का बजाने के बाद एक गीत भी ज़बान पर न चढ़े, तो क्या कहेंगे? प्रसिद्ध शिव ताण्डव तक में ए. आर. रहमान का काम नौसिखुआ जैसा लगा है।
देखिए और सोचिए कि कुल प्रभाव क्या है? यदि घर के बच्चे इसे देखें तो क्या उनमें ज़िम्मेदारी या नैतिकता का भाव पैदा होगा या वे अपने मूल्यों पर सवाल उठाने की मानसिकता की तरफ़ बढ़ेंगे? इन सवालों का जवाब मन को सन्तुष्ट करने वाला नहीं है। इस रामायण के बाद रणवीर कपूर और साईं पल्लवी के प्रति वह सम्मान नहीं पैदा होगा, जो अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के प्रति पैदा हुआ था। इस राम-सीता से ज़्यादा सम्मान तो ‘हनुमान अंश’ के अभिनव सत्या को हासिल हो गया है।
इसका अर्थ यह नहीं कि इसे देखने से बचें, जिन्हें जाना हो, जाएँ, क्योंकि कुछ चीज़ें हैं, जिन्हें अद्भुत कहा जा सकता है, लेकिन इस फ़िल्म को देखते हुए सिनेमाहॉल मन्दिर में नहीं बदलने वाला। रामकथा ऐसी है कि इसे बार-बार सुनिए-देखिए, पेट नहीं भरता, पर नितेश तिवारी की रामायण एक बार देखने पर ही पेट भर जाता है।
फ़िल्म देखते हुए एक समस्या 3डी के मामले में चश्मे की भी आएगी। यदि सिनेमाहॉल में साधारण स्क्रीन होगी तो चश्मा लगाने के बाद स्क्रीन और छोटी दिखेगी और कई बार जिस रावण को विकराल दिखना चाहिए, वह पिद्दी-जैसा दिखेगा। साधारण प्रोजेक्टर होगा तो लगेगा कि फ़िल्म की शूटिङ्ग कुछ ज़्यादा ही अँधेरे में की गई है। स्क्रीन बड़ी हो, लेज़र प्रोजेक्शन हो, तभी चश्मे वाला 3डी विकल्प चुनें, अन्यथा अन्य फ़िल्मों की तरह सामान्य ढङ्ग से फ़िल्म देखें और आनन्द या दुःख महसूस करें। अलबत्ता, उम्मीद लगाए रख सकते हैं कि फ़िल्म के दूसरे भाग में ध्यान दिया जाएगा और रामायण के बाक़ी हिस्से को उसकी गरिमा और गहराई के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
फ़िल्म का अन्तिम प्रभाव कुछ ऐसा है कि देखने आप रामायण जाते हैं, पर दिमाग़ में रावण लेकर लौटते हैं।
ख़ैर, अब आइए यह समझते हैं कि रावण वास्तव में कैसा था। यह वाल्मीकि रामायण के उत्तर काण्ड की कथा है। इसे आस्था-विश्वास की आँखों से देखना है अथवा क़िस्से-कहानियों की तरह, यह आप पर निर्भर है।
पहले यह समझ लेना चाहिए कि जो यह कहा जाता है कि कुबेर को युद्ध में हराकर रावण ने लङ्का पर आधिपत्य जमाया, तो वह बात सिरे से ग़लत है।
वाल्मीकि रामायण में कथा कुछ और है। राक्षस हारकर रसातल को भाग गए थे, पर उसके पहले का सच यह है कि राक्षस नहीं, बल्कि राक्षसों के अत्याचार के चलते देवता और ऋषि-समुदाय नारकीय जीवन जी रहे थे और उनकी सहायता करने वाला दूर-दूर तक कोई नहीं था।
कहानी शुरू हुई थी राक्षसी सालकटङ्कटा से, जिसने अपने नवजात शिशु को मन्दराचल पर्वत पर असहाय छोड़ दिया था। आकाश मार्ग से गुज़रते भगवान् शिव और देवी पार्वती की दृष्टि मुट्ठी मुँह में डाले रोते हुए नन्हे असहाय बालक पर पड़ी तो माता पार्वती करुणा से भर उठीं। पार्वती जी के कहने पर शिव जी ने उस राक्षस-बालक को उसकी माता की अवस्था के समान ही युवा बना दिया और अमरता का वरदान दिया। उसके विचरण के लिए एक आकाशचारी विमान भी दिया। पार्वती जी ने यह वरदान दिया कि आज से राक्षसियाँ जल्दी गर्भ धारण करेंगी, जल्दी प्रसव करेंगी और उनका पैदा किया हुआ बालक तत्काल बढ़कर अपनी माता के समान अवस्था वाला हो जाएगा। ख़ैर, सुकेश नाम का यह राक्षसी-पुत्र शुरू में बहुत धर्मात्मा रहा और कुछ समय बाद उसका विवाह गन्धर्व कन्या देववती से हुआ। इसी देववती से माल्यवान्, सुमाली और माली नामक तीन पुत्र हुए। इन तीनों को जब यह पता चला कि उनके पिता को तपोबल से वरदान और ऐश्वर्य की प्राप्ति हुई है, तो वे तीनों भी तपस्या करने चले गए। उनकी घोर तपस्या के बाद ब्रह्मा जी को उनके पास आना पड़ा। इन सुकेश-पुत्रों ने वरदान माँगा कि उन्हें कोई परास्त न कर सके और तीनों भाइयों में प्रेम बना रहे, ताकि वे मिलकर किसी भी काम को अञ्जाम दे सकें।
यहीं से शुरू हुआ राक्षसों का आतङ्क। इन तीनों भाइयों ने वरदान के बाद ख़ुद को अजेय स्थिति में पाया तो अहङ्कार से भर उठे। उन्होंने देवताओं और ऋषियों को ही नहीं, असुरों को भी सताना शुरू कर दिया। लेकिन अभी कुछ कसर रह गई थी। एक दिन उन्हें लगा कि भले वे शक्तिशाली हैं, परन्तु अभी उनके पास रहने का अच्छा ठिकाना नहीं है। उन्होंने सोचा-विचारा और शिल्प-कर्म के ज्ञाता विश्वकर्मा के पास पहुँचे। उन्होंने विश्वकर्मा से कहा कि आप देवताओं के लिए मनोवाञ्छित भवन बना-बनाकर देते रहे हैं, तो हम पर भी कृपा कीजिए। और फिर इन्द्र से आज्ञा लेकर विश्वकर्मा ने इन तीनों राक्षस भाइयों के लिए तीस योजन चौड़ी और सौ योजन लम्बी सोने की चहारदीवारी और सोने के फाटक वाली अद्भुत लङ्का नगरी का निर्माण किया। इन तीनों भाइयों का विवाह गन्धर्व कन्याओं से हुआ। इनकी सन्तानों की कहानी लम्बी है, पर कुल परिणाम इतना भर जानिए कि लङ्का शीघ्र ही राक्षसों से भरी-पूरी नगरी के रूप में प्रसिद्ध हो गई। इनमें बाहुबल का अभिमान इतना बढ़ता गया कि वे देवताओं, ऋषियों, नागों और यक्षों को बिना बात सताने लगे। वरदान के बाद इनके अहङ्कार की सीमा नहीं रह गई थी और वे किसी यज्ञ आदि शुभ कार्य की सूचना पाते ही उसे नष्ट करवा देते थे। ऋषियों के आश्रम इन्होंने उजाड़-उजाड़ कर उनका जीना मुहाल कर दिया। माली, सुमाली और माल्यवान् ने अपने लिए घोषित कर दिया था कि ‘मैं ही विष्णु हूँ, मैं ही रुद्र हूँ, मैं ही ब्रह्मा हूँ।
अब आप स्वयं सोचिए कि इस राक्षसी अत्याचार का कुछ भी हिस्सा फ़िल्म में दिखाया गया होता, तो कहीं विष्णु के अवतार लेने की बात बेहतर ढङ्ग से सही वातावरण बना पाती।
वास्तविक कथा यही है कि इसके बाद देवता और ऋषि शिव जी के पास जाते हैं। शिव जी के सामने धर्म-सङ्कट था कि सुकेश-पुत्रों के साथ सुकेश का भी वध करने की नौबत आएगी, जिसके जीवन की रक्षा उन्होंने ही की थी। अन्ततः शिव जी देवताओं और ऋषियों को विष्णु जी की शरण में जाने की सलाह देते हैं। विष्णु उनकी व्यथा-कथा सुनकर राक्षसों के विनाश का सङ्कल्प लेते हैं। यह समाचार निशाचर माल्यवान् को मिलता है, तो देवताओं को सबक़ सिखाने के लिए राक्षसों की विशाल सेना देवताओं पर चढ़ाई कर देती है। विष्णु देवताओं की सहायता के लिए आते हैं। भयङ्कर युद्ध होता है और माली का वध होता है। अन्ततः राक्षसों को पीछे हटना पड़ता है और माल्यवान् और सुमाली राक्षसों के साथ लङ्का को छोड़ रसातल जाकर रहने लगते हैं। इस तरह लङ्का पूरी तरह ख़ाली हो जाती है। इसी समय महर्षि विश्रवा ने अपने पुत्र कुबेर को लङ्का में जाकर रहने की सलाह दी। कुबेर ने पिता की आज्ञा मानकर लङ्का में निवास किया और वहाँ यक्षों के साथ अपना राज्य स्थापित कर लिया। कुबेर ने लङ्का को हर प्रकार से समृद्ध बनाया। इस समय की प्रजा धर्म-मार्ग पर चलने वाली थी।
कुछ समय बाद अपनी सुन्दर कन्या कैकसी को लेकर राक्षस सुमाली रसातल से बाहर निकला और मर्त्यलोक में विचरण करने लगा। उसे चिन्ता थी कि राक्षसों की वापसी और उनका भला कैसे हो। उसका दिमाग़ बहुत तेज़ चलता था। उसने बुद्धि लगाई और कैकसी का विवाह विश्रवा से कराने में कामयाब हो गया। सुमाली की इच्छा थी कि कैकसी के पुत्र विश्रवा के पुत्र धन के स्वामी कुबेर के समान ही ऐश्वर्यशाली और तेजस्वी हों। उसकी सोच थी कि ऐसा हुआ तो राक्षसों की उन्नति का मार्ग खुल जाएगा। दुर्भाग्यवश यह हुआ कि कैकसी विश्रवा के पास शाम के धुँधलके की भयङ्कर वेला में पहुँची तो विश्रवा ने परिणाम बताया कि तुम्हारे पुत्र क्रूर और भयङ्कर होंगे। कैकसी दुखी हुई तो कुछ जतन करने के बाद महर्षि विश्रवा ने बताया कि तुम्हारा तीसरा पुत्र मेरे वंश के अनुरूप धर्मात्मा होगा।
तो बात यह हुई कि महर्षि पुलस्त्य के पुत्र महर्षि विश्रवा के दो विवाह हुए थे। पहली पत्नी से कुबेर का जन्म हुआ और दूसरी पत्नी कैकसी से रावण, कुम्भकर्ण, विभीषण तथा शूर्पणखा का जन्म हुआ। इस तरह से कुबेर और रावण एक ही पिता की सन्तान थे, लेकिन उनकी माताएँ अलग-अलग थीं। कुबेर रावण के बड़े भाई थे।
समय बीता और कैकसी के पुत्र रावण ने अपने भाइयों के साथ कठोर तपस्या करके ब्रह्मा से वरदान प्राप्त कर लिया। जब रावण की शक्ति बढ़ने का समाचार उसके नाना सुमाली को मिला तो वह रसातल से फिर बाहर आया। उसने रावण को समझाया कि लङ्का मूलतः राक्षसों की नगरी है और अब उस पर उसके बड़े भाई कुबेर का अधिकार है। ऐसे में उसे लङ्का वापस लेनी चाहिए।
आरम्भ में रावण ने अपने नाना की बात का विरोध किया। उसने कहा कि कुबेर उसके बड़े भाई हैं और उनका सम्मान करना उसका कर्तव्य है, किन्तु बाद में सुमाली के सेनापति प्रहस्त ने उसे समझाया तो अन्त में रावण लङ्का पर अधिकार करने के लिए तैयार हो गया। उसने प्रहस्त को दूत बनाकर कुबेर के पास भेजा और कहलवाया कि लङ्का पहले राक्षसों की नगरी थी, इसलिए वे लङ्का राक्षसों को लौटा दें। कुबेर ने इस सन्देश पर अपने पिता विश्रवा से सलाह ली। विश्रवा ने उन्हें बताया कि रावण ब्रह्मा से वरदान पाकर अत्यन्त शक्तिशाली हो गया है और उससे वैर करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कुबेर को लङ्का छोड़कर कैलास पर्वत पर जाकर नई नगरी बसाने की सलाह दी।
पिता की आज्ञा का सम्मान करते हुए कुबेर ने लङ्का छोड़ दी और कैलास पर्वत पर अलकापुरी बसाकर रहने लगे। इस प्रकार रावण को लङ्का बिना किसी युद्ध के मिल गई। राक्षसों ने वहाँ लौटकर उसका राज्याभिषेक किया और लङ्का फिर से राक्षसों से भर गई। लङ्का पर अधिकार कर लेने के बाद रावण का अहङ्कार और अत्याचार बढ़ता गया। वह देवताओं के उद्यानों को उजाड़ता, ऋषियों को सताता और अपने बल के मद में मनमानी करता था।
कुबेर को जब रावण के इन अत्याचारों का समाचार मिला तो उन्होंने बड़े भाई के नाते उसे सन्मार्ग पर लाने का निश्चय किया। उन्होंने भ्रातृप्रेम और उसके कल्याण की भावना से एक दूत लङ्का भेजा। दूत ने रावण को समझाया कि वह अपने आचरण में सुधार करे, अन्याय और अत्याचार छोड़े तथा अपने कुल की मर्यादा का ध्यान रखे। लेकिन रावण को बड़े भाई की यह सीख स्वीकार नहीं हुई। वह क्रोध से आगबबूला हो गया। उसने न केवल कुबेर के दूत का अपमान किया, बल्कि उसकी हत्या भी कर दी। जब कुबेर को दूत की हत्या का समाचार मिला तो उन्होंने परिस्थिति की गम्भीरता समझ ली। दूसरी ओर रावण अब कुबेर को भी अपना शत्रु मान बैठा था।
इसके बाद रावण अपने छह मन्त्रियों—महोदर, प्रहस्त, मारीच, शुक, सारण और धूम्राक्ष—के साथ रथ पर सवार होकर कैलास पर्वत की ओर चला। कैलास पहुँचकर रावण ने यक्षों पर आक्रमण कर दिया। दोनों पक्षों में भयङ्कर युद्ध हुआ। रावण ने यक्षों की सेना को पराजित किया। अन्ततः रावण ने अपने बड़े भाई कुबेर को भी युद्ध में पराजित कर दिया। कुबेर को हराने के बाद रावण ने उनका पुष्पक विमान अपने अधिकार में ले लिया।
इस पूरी कथा में सबसे महत्त्वपूर्ण बात यही है कि लङ्का के लिए कुबेर और रावण के बीच कोई युद्ध नहीं हुआ था। दोनों के बीच युद्ध बहुत बाद की घटना है।
रावण क्रान्तिकारी नहीं, बलात्कारी था। देवताओं की स्त्रियों का अपहरण करके बन्दी बना लेता था। रावण तपस्या में लीन ब्रह्मर्षि कन्या वेदवती को देखते ही काममोहित हो उठा। वेदवती कुशध्वज की पुत्री थीं। अतीव रूपवती और वाङ्मयी। देवता, गन्धर्व, यक्ष, राक्षस और नाग सब उनके पिता से उनका हाथ माँगने पहुँचने लगे। कुशध्वज को लगता था कि उनके दामाद के रूप में विष्णु ही उपयुक्त पात्र हो सकते हैं।
उनका अभिप्राय जानकर बलाभिमानी दैत्यराज शम्भु कुपित हुआ और उसने एक दिन रात के अँधेरे में कुशध्वज की हत्या कर दी। दुखी वेदवती ने पिता की इच्छा पूरी करने के उद्देश्य से तपस्या करनी शुरू कर दी। इसी तपस्याकाल में रावण वेदवती के पास पहुँचा। वेदवती ने यथाशक्य आतिथ्य-सत्कार किया। रावण ने वेदवती को अपने साथ विवाह के लिए ख़ूब प्रलोभन दिए, पर वेदवती के मानने का कोई प्रश्न नहीं था। बात न मानने पर रावण ने उनके केश पकड़ लिए। वेदवती को क्रोध आया और उन्होंने अपने हाथों अपने केश काटे और अग्नि में प्रवेश कर गईं। उस समय उन्होंने कहा कि तुमने मेरा तिरस्कार किया है, इसलिए मैं तुम्हारा विनाश करने वापस आऊँगी। वेदवती कुछ समय बाद एक कमल में प्रकट हुईं तो रावण ने पुनः उन्हें बन्दी बना लिया। जब उसके मन्त्री ने बताया कि यह कन्या यदि घर में रही तो आपके वध का कारण बनेगी, तो रावण ने उसे समुद्र में फेंक दिया। यही वेदवती बाद में राजा जनक की पुत्री के रूप में वापस आईं और रावण के विनाश का कारण बनीं। (सन्त समीर)

