सीज़फायर का सच!
पाकिस्तान ने अपने लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया के सहारे पूरी दुनिया में झूठ फैलाने का जैसा अभियान चलाया है, उसका सङ्केत साफ़ है कि वह आसानी से सुधरने वाला नहीं है। भारत सच की लड़ाई लड़ रहा था, पर पाकिस्तान की संसद की बहसों और आसिफ़ मुनीर की पाकिस्तानी बच्चों के युद्ध में उतारने की घोषणाओं में साफ़ दिख रहा था कि पाकिस्तान की रुचि सच की लड़ाई लड़ने में बिलकुल नहीं है।
पाकिस्तान ने गुहार लगाई और भारत ने शर्त लगाई गई कि पाकिस्तान अब आतङ्कवाद नहीं करेगा। पाकिस्तान ने कहा, ठीक है…और भारत सीज़फायर पर राज़ी। श्रेय लेने के लिए बीच में अमेरिका। सीज़फायर के बाद ज़िन्दगी कुछ-कुछ पटरी पर आने भी लगी है, पर इसे न एकदम से ठीक कह सकते हैं, न बे-ठीक। देश की जनता हतप्रभ है कि आख़िर इतनी जल्दी सीज़फायर की घोषणा क्यों कर दी गई! आम आदमी को लगता है कि पाकिस्तान इतनी आसानी से नहीं सुधरने वाला। मेरे जैसे लोगों को भी ऐसा ही लगता है। ऐसा सोचने के पीछे एक विशेष कारण है, जिस पर आम तौर पर बहुत कम लोग ध्यान देते हैं। वास्तव में अपनी किरकिरी होते देखकर पाकिस्तान ने जिस भाषा में सीज़फायर की गुहार लगाई, उसे इस्लामी नज़रिये में अल-तकिया, अल-तकियाह या अल-तकैया कहा जाता है। याद रखना चाहिए कि पाकिस्तान एक देश की तरह कम, कट्टरपन्थी मज़हब की तरह ज़्यादा व्यवहार करता है। इस सीज़फायर में भारत एक तरह से मूर्ख बना है। सदियों के अनुभवों के बाद भी भारतीयों में ऐन वक़्त पर मूर्ख बन जाने का अजब भोलापन है। दयावान तो हम हैं ही, होना भी चाहिए, पर सामने वाले की बातों में हम विश्वास भी बहुत जल्दी कर लेते हैं। देखते रहिए, कुछ दिनों की शान्ति के बाद आतङ्क की कहानी फिर शुरू होगी। मेरी नज़र में न तो पाकिस्तान ने सबक़ सीखा है और न ही भारत का बदला पूरा हुआ है।
पाकिस्तान ने अपने लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया के सहारे पूरी दुनिया में झूठ फैलाने का जैसा अभियान चलाया है, उसका सङ्केत साफ़ है कि वह आसानी से सुधरने वाला नहीं है। भारत सच की लड़ाई लड़ रहा था, पर पाकिस्तान की संसद की बहसों और आसिफ़ मुनीर की पाकिस्तानी बच्चों के युद्ध में उतारने की घोषणाओं में साफ़ दिख रहा था कि पाकिस्तान की रुचि सच की लड़ाई लड़ने में बिलकुल नहीं है। भारत सच्ची सूचनाएँ देने के प्रति प्रतिबद्धता दिखाता रहा, जबकि पाकिस्तान ने पूरा एक महकमा इसलिए खड़ा किया कि भारत के ख़िलाफ़ झूठी सूचनाएँ पूरी दुनिया में कैसे फैलाई जाएँ। उनके अख़बार डॉन वग़ैरह के पन्नों पर निगाह डालिए, कई चीज़ें समझ में आएँगी। हम हिन्दुस्तानियों को झूठ बोलने में उलझन होती है, पर पाकिस्तानी बच्चों को अल-तकिया के नाम पर झूठ बोलने का बाक़ायदा प्रशिक्षण दिया जाता है। किसी पुस्तकालय में या डिज़िटल लाइब्रेरी में पाकिस्तानी अख़बार मिल जाएँ तो उनके पुराने अङ्क देखिए। सन् 1971 में जब पाकिस्तानी सेना के नब्बे हज़ार सैनिक भारत के सामने सिर झुकाए खड़े आत्म-समर्पण कर रहे थे तो उनका ‘डॉन’ अख़बार लिख रहा था—“सभी मोर्चों पर पाकिस्तान की जीत।” पाकिस्तान की बहुत बड़ी आबादी आज भी मानती है कि 1971 में भारत हारा था और पाक सेना ने बड़ी बहादुरी से अपने नब्बे हज़ार सैनिकों को छुड़ा लिया था।
अब ज़रा बेहद सङ्क्षेप में अल-तकियाह, अल-तकिया या अल-तकैया को समझते हैं। इसके तहत यह सिखाया जाता है कि जब आप कमज़ोर पड़ें या आपकी सङ्ख्या कम हो तो काफ़िरों से झूठ बोल सकते हैं, उनकी चापलूसी करके उनके विश्वास पात्र बने रह सकते हैं, मतलब निकालने के लिए अन्य कोई भी रास्ता अपना सकते हैं, लेकिन जिस दिन आप मज़बूत हो जाएँ, उस दिन इस्लाम क़ाबिज़ करने के काम में फिर से लग जाएँ। सारांश यह है कि अल-तकिया के तहत मुसीबत के समय काफ़िरों जैसा व्यवहार करना पड़े तो करो, ताकि सुरक्षित रह सको। दीन की राह में यह सब जायज़ है…अल-तकिया के तहत किए गए गुनाह माफ़ कर दिए जाएँगे। वैसे, इस्लाम के अच्छे व्याख्याकार इसका एक और पक्ष यह बताते हैं कि यदि सुरक्षित माहौल में रहना हो रहा हो, तो किसी भी मुसलमान को अल-तकिया के तहत ऐसे गुनाह करने की ज़रूरत नहीं है, फिर भी अगर कोई ऐसे गुनाह करता है तो उन गुनाहों की माफ़ी नहीं है। इस हिसाब से भारत जैसे सुरक्षित देश में रहते हुए ऐसे गुनाह करना जायज़ नहीं है। बहरहाल, पाकिस्तान का सच यही है कि हूरों के सपने दिखा-दिखाकर और अल-तकिया का पाठ पढ़ा-पढ़ाकर ही वहाँ आतङ्कवादी तैयार किए जाते हैं।
यहीं पर यह भी समझ लेना उचित रहेगा कि इस्लामी शिक्षा के दो विशेष प्रभाव मुसलमानों पर देखे जाते हैं। एक वे हैं, जिन्होंने सूरा-2 अल-बक़रा की आयत-256 (दीन यानी धर्म के मामले में कोई ज़बरदस्ती नहीं) और सूरा-109 अल-काफ़िरून की आयत-6 (तुम्हारे लिए तुम्हारा दीन मेरे लिए मेरा दीन) का ज़्यादा अभ्यास किया हुआ होता है। ऐसे मुसलमानों की तादाद भारत में काफ़ी है और ये सबके साथ सद्भाव के साथ रहने की हिमायत करते हैं। दूसरी तरह के वे मुसलमान हैं, जो सूरा-9 अत-तौबा की आयत-5, 29, 123 जैसी क़ुरान की तमाम आयतों के अभ्यास में जीते हैं, जिनकी व्याख्याएँ जेहाद के लिए मारकाट का आदेश करती हैं। ये ही वे लोग हैं, जो जब तक कमज़ोर हैं, तब तक अल-तकिया का रास्ता अपनाते हैं और जब इनकी सङ्ख्या या शक्ति बढ़ जाती है तो शरीया के लिए जेहाद का ऐलान करते हैं। दुनिया भर के आतङ्कवाद का अध्ययन करके इसे समझा जा सकता है। ख़ैर…
कुल मिलाकर बात यह है कि पाकिस्तान के एयरबेस लगातार नष्ट हो रहे थे, ड्रोन और कुछ मिसाइलें भेजने के अलावा वह ज़्यादा कुछ कर सकने लायक़ बचा नहीं था, लगातार कमज़ोर पड़ रहा था, तो सीज़फायर की राह पर आना उसे बेहतर लगा। यह अल-तकिया है। मौक़ा पाकर वह ख़ुद को मज़बूत करेगा और दूसरे तरीक़ों से भारत को फिर से कमज़ोर करने की कोशिश करेगा। और यदि, सचमुच सुधर गया तो? बात ही क्या है! हम तो चाहते ही हैं कि सब तरफ़ बस शान्ति ही शान्ति हो। हम उनके यहाँ पिकनिक मनाने जाएँ और वे हमारे यहाँ आकर चहलक़दमी करें। (सन्त समीर)

